Siddharthnagar News: सीएम योगी के कपिलवस्तु आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, विधायक और डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी 5 जुलाई को होने वाले प्रस्तावित सिद्धार्थनगर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र में होने वाले इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए ग्राउंड लेवल पर तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो चुकी हैं।
इसी सिलसिले में कपिलवस्तु के विधायक श्यामधनी राही और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की भारी फौज के साथ कार्यक्रम स्थल का बारीकी से मुआयना किया और सुरक्षा से लेकर वीआईपी प्रोटोकॉल से जुड़े तमाम इंतजामों की समीक्षा की।

मंच निर्माण से लेकर पार्किंग तक के कड़े निर्देश
समीक्षा बैठक और स्थलीय निरीक्षण के दौरान विधायक और जिला प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता कमल किशोर, उपजिलाधिकारी राहुल सिंह और क्षेत्राधिकारी विश्वजीत के साथ सुरक्षा घेरे, मजबूत मंच निर्माण, सुचारू पार्किंग, रूट डायवर्जन, पेयजल, साफ-सफाई और निर्बाध बिजली आपूर्ति जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत खाका तैयार किया।
विधायक श्यामधनी राही ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि सभी कार्य समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे हो जाने चाहिए, ताकि कार्यक्रम में आने वाली जनता को कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा कपिलवस्तु क्षेत्र के विकास और गौरव के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिसे लेकर स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: यूपी में बिजली की नई दरें घोषित, लगातार 7वें साल नहीं बढ़ा रेट, उपभोक्ताओं को राहत

