लखनऊ के गोमतीनगर में बैंक मैनेजर की हत्या के बाद पति ने बहन को भी मारी गोली, खुद भी कर ली आत्महत्या
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आईसीआईसीआई बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की बैंक के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप दिव्या के पति मानस पर लगा है। गोमतीनगर में इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मानस बाजपेई भागकर गोमतीनगर हुसडिया चौराहा स्थित ओम फास्ट फूड सेंटर एंड ईटिंग प्वाइंट में अपनी बहन शीबा बाजपेयी की हत्या कर खुद भी सुसाइड कर लिया।
कॉल कर बैंक के बाहर बुलाया, बातचीत के बाद मारी गोली
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे कार सवार मानस ने फोन करके अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को आईसीआईसीआई बैंक के बाहर बुलाया। बैंक के बाहर दोनों के बीच कुछ देर तक बातचीत हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और मानस ने दिव्या को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग और बैंक कर्मचारी मौके की ओर दौड़े। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल दिव्या को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फायरिंग के बाद खुद को मारी गोली
गोमतीनगर में पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी मानस सीधे हुसडिया चौराहा स्थित अपने घर की ओर रवाना हुआ। वहां पहुंचकर उसने अपनी बहन पर भी ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बहन को गोली मारने के तुरंत बाद मानस ने पिस्टल से खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फॉरेंसिक टीम और पुलिस जांच में जुटी
एक ही दिन में दो अलग-अलग इलाकों में हुई इस भीषण वारदात से लखनऊ पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी, स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।
Also Read: जेन अल्फा के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान को मायावती का समर्थन, सरकार को दी नसीहत

