राहुल गांधी के वार के बाद विपक्ष का बड़ा मोर्चा, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज देशभर में प्रदर्शन

Opposition Protest Against CEC: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमले के बाद विपक्षी दल भी उनके समर्थन में सामने आए हैं। कांग्रेस (Congress) ने शुक्रवार, 25 सितंबर को देशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी ने अपनी राज्य इकाइयों को संबंधित राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालयों तक मार्च निकालने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस का प्रदर्शन ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर होगा।

राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में SIR को लेकर सामने आई रिपोर्ट का हवाला देते हुए ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) पर गंभीर आरोप लगाए और उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया को ‘वोट चोरी’, ‘कानून चोरी’ और ‘संस्था चोरी’ से जोड़ा। राहुल गांधी का दावा है कि उनके पास इस मामले से जुड़ी और भी जानकारी है।

अखिलेश, प्रियंका समेत विपक्ष के नेताओं का समर्थन

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने चुनाव आयोग (Election Commission) पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वहीं से बेईमानी हो रही थी। वहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

RJD ने बिहार में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन और पुतला दहन का ऐलान किया है। कांग्रेस की ओर से दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, असम समेत कई राज्यों में प्रदर्शन की तैयारी है। दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव (Devendra Yadav) और AICC प्रभारी काजी निजामुद्दीन (Qazi Nizamuddin) के नेतृत्व में चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन प्रस्तावित है।

लेफ्ट पार्टियां भी मैदान में

CPI(M), CPI, CPI(ML)-लिबरेशन, RSP और AIFB ने भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विरोध कार्यक्रमों का ऐलान किया है।

यह पूरा विवाद उस रिपोर्ट के बाद तेज हुआ है, जिसमें चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू (Sukhbir Singh Sandhu) और विवेक जोशी (Vivek Joshi) की ओर से पिछले 10 महीनों में SIR से जुड़े फैसलों पर कम से कम 14 औपचारिक आपत्तियों का दावा किया गया था। चुनाव आयोग ने हालांकि आंतरिक मतभेद की इस व्याख्या को खारिज करते हुए कहा है कि फैसले सर्वसम्मति से लिए गए।

Also Read: विवादों के बीच CEC ज्ञानेश कुमार का UP दौरा रद्द, मेरठ-वाराणसी में Gen-Z से होना था संवाद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.