जमानत के मिलने के बाद वाड्रा का केंद्र पर हमला, बोले- ईडी को चलाती है सरकार
Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा के शिकोहपुर जमीन सौदे से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने वाड्रा को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 10 जुलाई को तय की गई है।
अदालती राहत मिलने के तुरंत बाद मीडिया से बातचीत में रॉबर्ट वाड्रा ने केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को आड़े हाथों लिया। उन्होंने जांच एजेंसी की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि ईडी स्वायत्त नहीं है, बल्कि उसे सरकार द्वारा संचालित किया जा रहा है और वह पूरी तरह सत्ता के इशारों पर नाच रही है। वाड्रा ने कहा कि एजेंसी की यह कार्रवाई पूरी तरह अनुचित है, लेकिन इसके बावजूद देश की न्याय व्यवस्था पर उनका भरोसा डिगा नहीं है।
चुनावी जीत से जोड़ा जांच का कनेक्शन
रॉबर्ट वाड्रा ने अपने परिवार को निशाना बनाए जाने के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब भी उनका परिवार चुनावों में शानदार प्रदर्शन करता है या जीत दर्ज करता है, तभी इस तरह की जांचों का शिकंजा कस दिया जाता है। जनता के प्यार की कीमत उन्हें इस तरह चुकानी पड़ रही है। उन्होंने साफ किया कि वे पूरी तरह निडर हैं क्योंकि उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। वाड्रा ने कानूनी प्रक्रिया से भागने की बात को खारिज करते हुए कहा कि वे जांच में पूरा सहयोग करते रहेंगे।
Also Read: विशारतगंज में गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, चहेतों को पहले सिलेंडर देने का आरोप

