विशारतगंज में गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, चहेतों को पहले सिलेंडर देने का आरोप
Visharatganj News: स्थानीय भारत गैस एजेंसी पर शुक्रवार सुबह उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब घंटों से लाइन में लगे उपभोक्ताओं के धैर्य का बांध टूट गया। सुबह 4 बजे से कतार में खड़े लोगों का आरोप है कि बाद में आए कुछ रसूखदार उपभोक्ताओं को सीधे काउंटर (विंडो) पर आगे लगा दिया गया। इस पक्षपात को देख कतार में खड़े लोग भड़क गए और एजेंसी कर्मियों से भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तीखी नोक-झोंक और हंगामा होता रहा। उपभोक्ताओं ने साफ लहजे में चेतावनी दी कि जो पहले आया है, पर्ची उसकी ही कटेगी; नियमों के विरुद्ध काम बर्दाश्त नहीं होगा।

युद्ध के समय से बंद है होम डिलीवरी
कस्बा निवासी राजा ने बताया कि होम डिलीवरी बंद होने के कारण एजेंसी पर हर दिन सैकड़ों की भीड़ जुटती है। युद्ध के बाद से ही कस्बे में घर-घर गैस पहुंचाना बंद कर दिया गया है। उपभोक्ताओं का यह भी आरोप है कि एजेंसी कर्मचारी अपने चहेतों के कार्ड पहले ही अंदर से काउंटर पर पहुंचा देते हैं। बता दें कि बीती 10 मई को भी अलीगंज के खेलम गाँव निवासी आसिफ ने अनियमितताओं की शिकायत डायल 112 पुलिस से की थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर आकर नियमों के तहत वितरण की हिदायत दी थी।
दूसरी ओर, एजेंसी संचालक राहुल यादव का कहना है कि पीछे से ही गैस की सप्लाई कम आ रही है, जिससे होम डिलीवरी में दिक्कत है। उपभोक्ता बुकिंग के तुरंत बाद गैस मांगते हैं, जबकि दो दिन पहले की बुकिंग पर डिलीवरी दी जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं के आरोपों को गलत और नोंक-झोंक को बेवजह बताया।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: सपा सांसद प्रिया सरोज की AI तस्वीरें वायरल, BJP नेता समेत दो के खिलाफ FIR दर्ज

