आगरा में BJP विधायक के भाई समेत 6 पर FIR, नौकरी के नाम पर 16 लाख ठगी का आरोप

Agra News: आगरा के खेरागढ़ से भाजपा विधायक भगवान सिंह कुशवाह के भाई समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर 16 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद युवती वैशाली को फर्जी नियुक्ति पत्र देकर हाथरस के जिला पंचायत कार्यालय में ज्वाइन भी करा दिया गया। बुधवार रात लोहामंडी थाने में FIR दर्ज की गई।

पीड़ित अमर सिंह कुशवाह ने पुलिस को दी शिकायत में धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, उनका इस्तेमाल करने, आपराधिक साजिश और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मुकदमे में मंजू कुशवाह, उनके पति विजयपाल सिंह कुशवाह, राकेश कुमार बघेल, योगेंद्र प्रताप सिंह, सुदेश कुमार और अनुज को नामजद किया गया है।

ढाई महीने तक करती रही नौकरी

पीड़ित पक्ष के मुताबिक, वैशाली और उसके भाई पियूष की नौकरी लगवाने के नाम पर रकम ली गई थी। परिवार ने 16 लाख रुपये जुटाने के लिए जेवर बेचे और कर्ज लिया। आरोप है कि वैशाली को लखनऊ के इंद्र भवन ले जाकर नियुक्ति पत्र दिया गया। इसके बाद हाथरस जिला पंचायत कार्यालय में उसकी ज्वाइनिंग करा दी गई।

बताया गया कि करीब ढाई महीने बाद उसे रायबरेली ट्रांसफर की जानकारी दी गई। वहां पहुंचने पर पता चला कि नियुक्ति पत्र फर्जी था।

ACP जांच के बाद दर्ज हुई FIR

पीड़ित पक्ष का कहना है कि उसने वीडियो साक्ष्य के साथ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी। कई महीनों तक कार्रवाई के लिए चक्कर लगाने का भी आरोप है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी विजयपाल के भाई भगवान सिंह कुशवाह भाजपा विधायक हैं, इसलिए सुनवाई नहीं हो रही थी। मामले की जांच ACP लोहामंडी को दी गई थी। उनकी जांच रिपोर्ट के बाद अब मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित पक्ष आरोपी परिवार का रिश्तेदार भी बताया गया है।

Also Read: गाजीपुर में मां ने दो बेटों को रॉड से पीटकर की हत्या, मुंह में ठूसा कपड़ा, तेज आवाज में बजायी म्यूजिक 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.