गाजीपुर में मां ने दो बेटों को रॉड से पीटकर की हत्या, मुंह में ठूसा कपड़ा, तेज आवाज में बजायी म्यूजिक

Ghazipur News: गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र में मां पर अपने दो नाबालिग बेटों की हत्या का आरोप लगा है। रजहटी गांव में मंगलवार रात 14 साल के करन और 12 साल के आर्यन की हत्या कर दी गई। बुधवार शाम पुलिस ने बंद कमरे का ताला खुलवाया तो दोनों के खून से सने शव बेड पर मिले। दोनों के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने बच्चों की चीख बाहर न पहुंचे, इसलिए तेज आवाज में भक्ति गीत चलाया था। आरोप है कि पहले उसने करन के मुंह में कपड़ा ठूंसकर लोहे की रॉड से सिर पर वार किया। छोटा बेटा आर्यन भागने लगा तो उसे गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और सिर पर रॉड मारी।

9 साल की बेटी ने देखा, धमकी देकर कराया चुप

पुलिस को 9 साल की बेटी प्रतिभा ने बताया कि उसने मां को लोहे की रॉड खेत की ओर फेंकते देखा था। इसके बाद मां ने किसी को बताने पर उसे भी मारने की धमकी दी। डरकर बच्ची दादा-दादी के पास जाकर सो गई।

एसपी डॉ. ईरज रजा के अनुसार, बच्चों के पिता अर्जुन राजभर ओडिशा में पेंटिंग करते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने करीब तीन साल पहले दूसरी शादी कर ली थी और करीब सात साल से गांव नहीं आए थे। पहली पत्नी पूजा तीनों बच्चों और सास-ससुर के साथ रहती थी।

बदबू से हुआ खुलासा, मां गिरफ्तार

बुधवार को पूजा ने दोनों बच्चों के गायब होने की बात कहकर प्रधान ओमप्रकाश से मदद मांगी। घर के कमरों पर ताला था। एक कमरे से बदबू आने पर प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। बेटी के बयान के बाद ताला खुलवाया गया और शव बरामद हुए।

शव मिलने के बाद पूजा ने फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कमरे से सल्फास की शीशी भी मिली है। पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले बच्चों को जहर दिया गया हो सकता है। ब्लड सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं।

Also Read: लखनऊ में मौलाना की हत्या की साजिश के 3 आरोपी 24 घंटे में जेल से बाहर, वीडियो वायरल 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.