UP चुनाव से पहले इमरान मसूद को झटका, दामाद शायान ने बदला पाला, सपा में हुए शामिल

UP Chunav: 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2027) से पहले सहारनपुर की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को झटका देते हुए उनके दामाद शायान मसूद (Shayan Masood) ने पार्टी छोड़ दी और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) का दामन थाम लिया।

गुरुवार को शायान अपने समर्थकों के साथ लखनऊ पहुंचे, जहां सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। शायान के इस कदम को कांग्रेस के लिए बड़ा सियासी झटका माना जा रहा है।

टिकट को लेकर नाराजगी की चर्चा

Shayan Masood के कांग्रेस छोड़ने के पीछे आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर नाराजगी की चर्चा है। माना जा रहा है कि वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, कुछ समय पहले इमरान मसूद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया था कि परिवार के किसी सदस्य को विधानसभा चुनाव का टिकट नहीं दिया जाएगा।

इसके बाद से ही शायान के तेवर बदले नजर आने लगे थे और उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं। गुरुवार को उन्होंने सपा में शामिल होकर इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया।

काजी रशीद मसूद परिवार का सपा से पुराना रिश्ता

Shayan Masood का परिवार समाजवादी पार्टी से पुराना राजनीतिक रिश्ता रखता है। काजी रशीद मसूद केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं और शायान उनके पौत्र हैं। करीब पांच साल पहले शायान का रिश्ता इमरान मसूद की बेटी से हुआ था।

ऐसे में शायान के सपा में जाने को सहारनपुर की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। इसका असर आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी दिखाई दे सकता है।

दिशा बैठक में इमरान मसूद और आशु मलिक में हुई थी कहासुनी

शायान (Shayan Masood) के सपा में जाने से एक दिन पहले ही सहारनपुर में दिशा बैठक (DISHA Meeting) के दौरान इमरान मसूद और देहात विधायक आशु मलिक के बीच कहासुनी चर्चा में रही थी।

बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच पहले बोलने को लेकर नाराजगी के स्वर सुनाई दिए। हालांकि बाद में दोनों सामान्य नजर आए और बातचीत भी करते दिखे। प्रशासन की ओर से बैठक की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जा रही थी। करीब चार घंटे चली इस बैठक में दोनों नेताओं के बीच हुई नोकझोंक राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी रही।

Also Read: मेरठ में BSP का 2027 चुनावी शंखनाद, सरधना से चौधरी विनीत भराला को बनाया प्रत्याशी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.