मेरठ में BSP का 2027 चुनावी शंखनाद, सरधना से चौधरी विनीत भराला को बनाया प्रत्याशी
Meerut News: मेरठ में बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों का आगाज कर दिया है। दौराला थाना क्षेत्र के वलिदपुर गांव में बुधवार को हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी ने सरधना विधानसभा सीट (Sardhana Assembly Seat) से चौधरी विनीत भराला (Chaudhary Vineet Bharala) को प्रत्याशी घोषित किया।
प्रत्याशी के नाम के ऐलान के बाद सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह दिखाई दिया। पार्टी नेताओं ने अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
सरकार पर निशाना, BSP के काम गिनाने की अपील
सम्मेलन में बसपा नेता विक्रम सिंह जाटव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए मौजूदा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और जनता में असंतोष होने का दावा किया।
वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से पूर्व मुख्यमंत्री मायावती (Mayawati) के शासनकाल में हुए विकास कार्यों और जनहित की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की अपील की। शिक्षा समेत अलग-अलग क्षेत्रों में किए गए कामों का प्रचार करने पर भी जोर दिया गया।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की रणनीति
BSP नेताओं ने कहा कि 2027 के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना जरूरी है। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सीधा संवाद बढ़ाने को कहा गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता इमरान कुरैशी, विक्रम सिंह जाटव, सतपाल पेपला और मेघानन्द जाटव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रत्याशी घोषित होने के बाद चौधरी विनीत भराला (Chaudhary Vineet Bharala) ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह संगठन के साथ मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव (UP Election 2026) की तैयारियों में जुटेंगे। इस घोषणा के साथ बसपा ने सरधना सीट पर अपनी चुनावी सक्रियता तेज कर दी है।

