गोरखपुर के गांव में कल पहुंचेंगे एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह, युवाओं से करेंगे संवाद

Gorakhpur News: वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह गुरुवार, 27 अगस्त को गोरखपुर के दूरस्थ विकासखंड भरोहिया के माथाबारी गांव पहुंचेंगे। इस दौरान वह ग्रामीणों, विद्यार्थियों और युवाओं से सीधे बातचीत करेंगे। वायुसेना प्रमुख उनके जीवन, जरूरतों, सपनों और सामने आने वाली चुनौतियों को समझने की कोशिश करेंगे।

दौरे के दौरान वह रामाश्रय ग्राम विकास संस्थान साखी का भी निरीक्षण करेंगे। यह संस्थान उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के चेयरमैन और पीपीगंज के संजय सिंह श्रीनेत से जुड़ा है। संस्थान से जुड़े लोगों से बातचीत कर वह क्षेत्र में जनकल्याण, सामाजिक विकास और आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेंगे।

सरस्वती गुरुकुल में बच्चों को करेंगे प्रेरित

एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह सरस्वती गुरुकुल भी जाएंगे। यहां वह विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद करेंगे। बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। स्थानीय युवाओं से बातचीत के दौरान वह उनके लक्ष्य, अवसरों और चुनौतियों को जानेंगे और प्रतिभा का सकारात्मक इस्तेमाल करने का संदेश देंगे।

ग्रामीणों से बातचीत से मजबूत होगा जुड़ाव

माथाबारी में ग्रामीण भी वायुसेना प्रमुख के साथ अपने अनुभव और जरूरतें साझा करेंगे। इस दौरे को सशस्त्र बलों और आम नागरिकों के बीच जुड़ाव मजबूत करने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को भी प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।

अमर प्रीत सिंह ने 30 सितंबर 2024 को वायु सेना प्रमुख का पद संभाला था। उन्हें 5,000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है। वह क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट भी रह चुके हैं।

Also Read: लखनऊ में वकीलों के अवैध चैंबरों पर नगर निगम का ऐक्शन, 30 अगस्त को चलेगा बुलडोजर 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.