अजंता हॉस्पिटल में प्रोस्टेट कैंसर की पहली सफल रोबोटिक सर्जरी, चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि
Lucknow News : लखनऊ स्थित अजंता हॉस्पिटल ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रोस्टेट कैंसर के इलाज के लिए पहली सफल रोबोटिक रैडिकल प्रोस्टेटेक्टॉमी विद बाइलेटरल पेल्विक लिम्फ नोड डिसेक्शन (PLND) सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की है। इसे प्रदेश में अत्याधुनिक रोबोटिक यूरोसर्जरी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
यह जटिल शल्य प्रक्रिया अस्पताल के एंडोस्कोपिक, लैप्रोस्कोपिक और रोबोटिक यूरोसर्जन डॉ. नीरज अग्रवाल ने सफलतापूर्वक की। पूरी सर्जरी अस्पताल के डायरेक्टर और वरिष्ठ लैप्रोस्कोपिक व रोबोटिक सर्जन डॉ. अनिल खन्ना के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

कम दर्द, कम रक्तस्राव और तेजी से रिकवरी जैसी कई खूबियां
रोबोटिक तकनीक से की गई इस सर्जरी में कई अहम फायदे देखने को मिले। इसमें पारंपरिक सर्जरी की तुलना में अधिक सटीकता, कम रक्तस्राव, न्यूनतम दर्द और मरीज के तेजी से स्वस्थ होने जैसी विशेषताएं शामिल हैं।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि यह उपलब्धि न केवल आधुनिक चिकित्सा तकनीक के सफल इस्तेमाल को दर्शाती है, बल्कि मरीजों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की उनकी प्रतिबद्धता को भी मजबूत करती है। इस सफलता का श्रेय सर्जिकल, एनेस्थीसिया, नर्सिंग और तकनीकी टीम के बेहतर समन्वय और विशेषज्ञता को दिया गया है।
अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी संस्थान रोबोटिक और मिनिमली इनवेसिव सर्जरी के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर मरीजों को और बेहतर, सुरक्षित व आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

