महोबा गैंगरेप कांड के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
Lucknow News : लखनऊ में महोबा की दलित छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला अधिकारी लखनऊ के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट ज्ञान चंद्र गुप्ता ने प्राप्त किया।
इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ‘त्यागी’, डॉ. शहजाद आलम और जिला कांग्रेस अध्यक्ष रुद्र दमन सिंह ‘बबलू’ ने घटना की कड़ी निंदा की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा का अपहरण कर उसे 16 दिनों तक बंधक बनाकर अमानवीय यातनाएं देना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस नेताओं ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई, पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आर्थिक सहायता देने की मांग की। इस मौके पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

