E20 और महंगी चीनी पर PM मोदी को अजय राय का पत्र, केंद्र सरकार से मांगा जवाब
Ajay Rai: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने एथेनॉल मिश्रित ईंधन और बढ़ती चीनी कीमतों को लेकर प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने केंद्र सरकार से एथेनॉल नीति की आर्थिक, वैज्ञानिक, पर्यावरणीय और उपभोक्ता हितों के नजरिए से स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग की। साथ ही चीनी की कीमतों पर भी तत्काल कदम उठाने की अपील की।
E20 नीति पर उठाए सवाल
अजय राय ने कहा कि उन्होंने 7 जुलाई को भी प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर E20, E85 और E100 नीति के आर्थिक प्रभाव और उपभोक्ताओं के हितों को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता घटाने और ऊर्जा सुरक्षा को एथेनॉल नीति का प्रमुख आधार बताए जाने का उल्लेख किया।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2024-25 में पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण 19.24 प्रतिशत तक पहुंचा। इसके बावजूद 20 अगस्त को करीब एक दशक में पहली बार सरकार को 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति देनी पड़ी।
चीनी आयात और विदेशी मुद्रा बचत पर सवाल
अजय राय ने कहा कि यदि एथेनॉल उत्पादन के कारण घरेलू चीनी की उपलब्धता प्रभावित होती है और उसकी भरपाई के लिए आयात करना पड़ता है, तो विदेशी मुद्रा खर्च होगी। इसलिए एथेनॉल से होने वाली बचत और चीनी आयात के खर्च का पूरा हिसाब जनता के सामने रखा जाना चाहिए।
उन्होंने केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी पर भी चीनी और अन्य खाद्य वस्तुओं की महंगाई को लेकर निशाना साधा।
पुराने वाहनों के लिए विकल्प की मांग
अजय राय ने E20 को लेकर पुराने वाहनों के मालिकों की चिंताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने E20 के साथ E10 जैसे कम-मिश्रण वाले ईंधन का विकल्प देने का सुझाव दिया है। उन्होंने त्योहारों से पहले एथेनॉल नीति और चीनी कीमतों पर ठोस फैसला लेने की मांग की।
Also Read: महंगाई पर सपा का अनोखा प्रदर्शन, सड़क पर राहगीरों को बांटी मुफ्त चीनी, E20 पर भी घेरा

