भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मिले अजय राय, बोले- न्याय मिलने तक लड़ेंगे लड़ाई
Ajay Rai On Bharat Bhushan Tiwari: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय शनिवार को बिहार के भोजपुर जिले के बिलौटी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई लड़ती रहेगी।
अजय राय ने कहा कि स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने वाले युवा भरत भूषण तिवारी की बिहार पुलिस की गोली से हुई मौत बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि बाद की जांच में यह सामने आया कि भरत भूषण तिवारी के खिलाफ एक भी आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं था। ऐसे में पूरी घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की समस्याएं उठाना अपराध नहीं है। यदि कोई युवा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करता है तो उसकी बात सुनी जानी चाहिए, न कि उसे प्रताड़ित किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि समस्याओं का समाधान करने के बजाय भरत तिवारी को लगातार परेशान किया गया, जिसका दुखद अंत उनकी मौत के रूप में हुआ।
अजय राय ने पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनकी आवाज हर स्तर पर उठाती रहेगी। इस दौरान स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने न्यायिक जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी दोहराई।

