प्रयागराज में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, पेपर लीक पर होगी बड़ी चर्चा

Rahul Gandhi: कांग्रेस ने 19 जुलाई को प्रयागराज में होने वाले बहुप्रतीक्षित ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

पेपर लीक और बेरोजगारी पर छात्रों से होगी चर्चा

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों और युवाओं से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करना है। इसमें पेपर लीक, सरकारी भर्तियों में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच जैसे विषय प्रमुख रहेंगे। अधिक से अधिक छात्रों को जोड़ने के लिए कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। इसके तहत छात्रों के पंजीकरण के लिए मिस्ड कॉल अभियान भी चलाया जा रहा है।

छात्र-युवा मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर उठाने की तैयारी

इससे पहले राहुल गांधी राजस्थान के कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से संवाद कर चुके हैं। प्रयागराज का कार्यक्रम उसी पहल का विस्तार माना जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि आज छात्र और युवा शिक्षा, रोजगार और भविष्य को लेकर कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, इसलिए उनकी समस्याओं पर खुली चर्चा जरूरी है।

अनिल यादव ने तैयारियों का लिया जायजा

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं कार्यक्रम प्रभारी तथा प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव अनिल यादव प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि यह कार्यक्रम प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाने का बड़ा मंच बनेगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.