अप्रमाणित टिप्पणी करने के बजाय कानून-व्यवस्था पर ध्यान दें, अजय राय का CM योगी पर पलटवार
Ajay Rai: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खुला पत्र लिखकर उनके बयानों पर पलटवार किया है। अजय राय ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री राजनीतिक विरोधियों पर व्यक्तिगत और अप्रमाणित टिप्पणी करने के बजाय प्रदेश की कानून-व्यवस्था और जनता की समस्याओं पर ध्यान दें।
अजय राय ने अयोध्या दर्शन के बाद उनके मछली खाने के आरोप को खारिज किया। उन्होंने कहा कि वह शाकाहारी हैं और निषाद समाज के निमंत्रण पर कार्यक्रम में शामिल हुए थे। भोज में क्या परोसा गया, यह आयोजकों का निर्णय था। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि यदि उनके मछली खाने का कोई प्रमाणित फोटो या वीडियो है तो उसे सार्वजनिक किया जाए। अजय राय के मुताबिक, चुनौती दिए पांच दिन बीतने के बाद भी कोई प्रमाण सामने नहीं आया।
माफिया वाले बयान पर भी जवाब
अजय राय ने माफिया के सामने डरने के आरोप को भी गलत बताया। उन्होंने अपने भाई स्व. अवधेश राय की हत्या के बाद करीब 32 साल तक न्याय के लिए संघर्ष करने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2021 और सितंबर 2025 में उनकी सुरक्षा वापस ली गई, लेकिन वह पीछे नहीं हटे।
कानून-व्यवस्था और बेरोजगारी पर घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष ने महिलाओं के खिलाफ अपराध, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों और युवाओं की समस्याओं के साथ बिजली, सड़क और प्रशासनिक भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान जमीन पर काम से होगा। अजय राय ने कहा कि 2027 में जनता सरकार के कामकाज के आधार पर फैसला करेगी। अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत आरोपों से बचकर पद की गरिमा बनाए रखने की सलाह दी।

