रक्षाबंधन पर आचार्य बहनों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी, भाइयों ने दिया सुरक्षा का भरोसा
Lucknow News: लखनऊ के ग्रामीण क्षेत्र में गुरुवार को रक्षाबंधन का पर्व खास अंदाज में मनाया गया। एकल अभियान की आचार्य बहनों ने नगराम, निगोहां, मोहनलालगंज और गोसाईंगंज थानों के साथ एसीपी मोहनलालगंज कार्यालय पहुंचकर पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। बहनों ने पुलिस भाइयों के स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना की।
आचार्य बहनों ने एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह को भी रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बहनों को उनकी सुरक्षा का भरोसा दिया।
ड्यूटी के कारण घर नहीं पहुंच पाते पुलिसकर्मी
एकल अभियान के भाग प्राथमिक शिक्षा अध्यक्ष श्याममूर्ति ने कहा कि पुलिसकर्मी ड्यूटी के चलते कई बार रक्षाबंधन पर अपने घर नहीं जा पाते। ऐसे में बहनें थाने पहुंचकर उन्हें राखी बांधती हैं और अपनेपन का एहसास कराती हैं।
उपाध्यक्ष अखिलेश्वर नाथ ने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ राखी बांधने का पर्व नहीं है। यह भाई-बहन के बीच विश्वास, स्नेह और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है।
पुलिसकर्मियों ने किया सम्मान
नगराम थाने में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह ने राखी बंधवाकर बहनों का आभार जताया और उन्हें उपहार व दक्षिणा देकर सम्मानित किया। गोसाईंगंज थाना प्रभारी डीके सिंह ने भी बहनों को उपहार दिए। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। साथ ही अपना व्यक्तिगत फोन नंबर साझा कर किसी परेशानी में तुरंत संपर्क करने को कहा।
कार्यक्रम में संजीव अग्रवाल, बजरंग वर्मा, रघुबर रावत, दीपू बाजपेई, आशीष कुमार समेत एकल अभियान के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
Also Read: Bulandshahr News: पहले शराब के लिए दिए पैसे, फिर तौलिए से पति का गला घोंटकर की हत्या

