प्रतापगढ़ में ऐतिहासिक संवाद परंपरा को नए अंदाज में सामने ला रही प्रतियोगिता, DM की पहल चर्चा में
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के अजगरा की ऐतिहासिक धरती पर होने वाले अजगरा महोत्सव को लेकर जिले में उत्साह बढ़ता जा रहा है। महोत्सव के तहत आयोजित होने वाली TheGreatDebate प्रतियोगिता लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बन गई है। गांव से लेकर शहर और अलग-अलग वार्डों तक बड़ी संख्या में लोग इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
आयोजन को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय की पहल अहम मानी जा रही है। उनका उद्देश्य अजगरा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सिर्फ एक कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय आम लोगों को उससे जोड़ना है।
गांव और वार्ड स्तर से शुरू हुआ सफर
TheGreatDebate में युवाओं के साथ अलग-अलग उम्र के लोग भी रुचि दिखा रहे हैं। ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर से प्रतिभागियों का चयन आगे ब्लॉक, जोन और जिला स्तर तक पहुंचेगा। इसके बाद प्रतियोगिता अंतिम चरण में प्रवेश करेगी।
आयोजन का उद्देश्य प्रतिभागियों को ऐसा मंच देना है, जहां वे अपने विचार तर्क, ज्ञान और संवाद के जरिए सामने रख सकें। आयोजकों के अनुसार, यह अजगरा से जुड़ी उस पुरानी संवाद परंपरा की आधुनिक प्रस्तुति है, जिसमें सवाल-जवाब के जरिए सत्य और विवेक की तलाश की जाती थी।
‘2000 साल से इस मौके का इंतजार था’
प्रतियोगिता को मिल रही भागीदारी ने आयोजकों की उम्मीदों को भी पीछे छोड़ दिया है। गांवों में चर्चा और वार्डों में बढ़ती सक्रियता से लोगों में अपनी ऐतिहासिक विरासत से जुड़ने की रुचि साफ दिखाई दे रही है।
अजगरा महोत्सव के जरिए इतिहास, संस्कृति और विचार को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है। आने वाले चरणों में प्रतियोगिता के बढ़ने के साथ इसका उत्साह और बढ़ने की उम्मीद है। आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि अजगरा से उठी संवाद की आवाज अब पूरे प्रतापगढ़ में सुनाई दे रही है।
Also Read: लखनऊ में भैंसों की नीलामी के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की करने वाले सपाइयों पर FIR, 11 नामजद
रिपोर्ट: विनोद मिश्रा

