संजू सैमसन की वजह से बढ़ा अजीत अगरकर का कार्यकाल, पूर्व क्रिकेटर का दावा
Sanju Samson: विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में शामिल नहीं किया गया है। भारत को 23 जुलाई से जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 मैच खेलने हैं। टीम चयन के इस फैसले ने क्रिकेट जगत में बहस छेड़ दी है, क्योंकि सैमसन ने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।
सदागोपन रमेश का चौंकाने वाला बयान
सैमसन के समर्थन में पूर्व भारतीय क्रिकेटर सदागोपन रमेश सामने आए हैं। भारत के लिए 19 टेस्ट और 24 वनडे खेलने वाले रमेश ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का कार्यकाल सैमसन की वजह से ही बढ़ा।
रमेश ने कहा, “अगर सैमसन भारत को टी20 वर्ल्ड कप नहीं जिताते, तो अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट आगे नहीं बढ़ता। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने के बाद किसी खिलाड़ी को तीन मैचों में असफल होने पर ड्रॉप करना गलत है।”
आंकड़े और टीम प्लेयर की मिसाल
टी20 वर्ल्ड कप के बाद सैमसन तीन मैचों में सिर्फ 6 रन ही बना सके, जिसमें एक गोल्डन डक भी शामिल रहा। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में उन्हें वैभव सूर्यवंशी ने रिप्लेस किया।
हालांकि, रमेश ने याद दिलाया कि वर्ल्ड कप में सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 89 रन बनाए थे। उनके पास तीन लगातार शतक लगाने का मौका था, लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत रिकॉर्ड से ज्यादा टीम को प्राथमिकता दी।

