“बुआ मां हैं, मिशन रिश्तों से बड़ा”, आकाश आनंद ने मायावती के फैसले का किया समर्थन, ससुर पर कार्रवाई को बताया सही
Akash Anand: बसपा से निकाले जाने के बाद आकाश आनंद ने पहली बार सार्वजनिक तौर पर अपनी बात रखी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मायावती के नाम लंबी पोस्ट लिखकर उनसे माफी मांगी। आकाश ने कहा, “आप मेरी राजनैतिक गुरु हैं, मेरी प्रेरणा हैं और मेरी बुआ मां भी हैं।” उन्होंने कहा कि राजनीति में उन्होंने जो कुछ सीखा और किया, वह मायावती के मार्गदर्शन में ही किया।
आकाश ने साफ किया कि वह किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहे हैं। उन्होंने लिखा, “न आज, न कभी।” साथ ही कहा कि बीएसपी उनके लिए सिर्फ पार्टी नहीं, बल्कि परिवार है।
ससुर पर कार्रवाई को बताया सही
अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकालने और उनके राजनीति से संन्यास के फैसले का भी आकाश ने समर्थन किया। उन्होंने लिखा कि मायावती का फैसला पूरी तरह उचित है और वह उसके साथ खड़े हैं। साथ ही कहा, “रिश्ते अपनी जगह हैं, पर मिशन उनसे बड़ा है।”
आकाश ने बताया कि वह कुछ समय से सोशल मीडिया से दूर थे, इसलिए मायावती की पोस्ट को रिपोस्ट नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि उनकी चुप्पी को गलत समझा गया और अफवाहों को जगह मिली। इसके लिए उन्होंने मायावती से फिर माफी मांगी।
फिर सेवा का मौका मांगा
आकाश ने कहा कि वह मायावती के नेतृत्व में पार्टी और मिशन की सेवा का अवसर चाहते हैं। उन्होंने लिखा कि विश्वास शब्दों से नहीं, बल्कि काम और आचरण से साबित होगा।
बता दें कि सितंबर में मायावती ने आकाश आनंद को राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर पद से हटा दिया था। उन्होंने कहा था कि आकाश को अभी और राजनीतिक परिपक्वता की जरूरत है और फिलहाल उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देना उचित नहीं होगा।

