कोटेदार के गोदाम में 167 बोरी खाद्यान्न मिला कम, घटतौली और हेराफेरी की जांच में खुली पोल

Balrampur News: महराजगंज तराई (बलरामपुर) तुलसीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत गुलरिहा हिसामपुर में राशन वितरण में धांधली और घटतौली की शिकायत पर प्रशासनिक जांच में बड़ी अनियमितता उजागर हुई है। डीएम के निर्देश पर गठित पांच सदस्यीय जांच टीम के निरीक्षण में कोटेदार के गोदाम से 167 बोरी गेहूं और चावल गायब मिला।

ग्राम पंचायत गुलरिहा निवासी श्याम मनोहर कसौधन ने 18 सितंबर को डीएम को शिकायती पत्र सौंपा था। आरोप लगाया गया था कि उचित दर विक्रेता रामधीरज कार्डधारकों का ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के एक सप्ताह बाद राशन का वितरण करता है। राशन वितरण के समय प्रति कार्ड 2 से 5 किलोग्राम तक कम अनाज दिया जाता है और अंत्योदय कार्डधारकों को मिलने वाली 5 किलो चीनी का भी वितरण नियमानुसार नहीं किया जाता।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने जांच टीम गठित कर गांव भेजी। पूर्ति निरीक्षक तुलसीपुर जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पहुंची पांच सदस्यीय टीम ने गांव में कार्डधारकों के बयान दर्ज कर शिकायतों का सत्यापन किया। इसके बाद जब टीम ने कोटेदार के खाद्यान्न गोदाम का भौतिक सत्यापन किया तो अभिलेखों में दर्ज 277 बोरी खाद्यान्न के सापेक्ष मौके पर मात्र 110 बोरी गेहूं-चावल ही उपलब्ध पाया गया।

गोदाम में 167 बोरी खाद्यान्न कम मिलने पर जांच टीम ने वितरण रजिस्टर और संबंधित अभिलेखों को अपने कब्जे में ले लिया। पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि कार्डधारकों के बयानों और गोदाम में मिले खाद्यान्न के भौतिक सत्यापन के आधार पर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है, जिसके आधार पर अग्रिम विधिक और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- योगेंद्र त्रिपाठी

Also Read: उमेश पाल की पत्नी जया पाल को BJP ने दी बड़ी जिम्मेदारी, OBC मोर्चा की बनाई गईं प्रदेश मंत्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.