अखिलेश यादव ने बीजेपी का निकाला नया मतलब, बोले- भाग जाओ पाकिस्तान

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) का अर्थ पाकिस्तान बताए जाने पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी का असल मतलब भाग जाओ पाकिस्तान है। उन्होंने पीडीए की व्याख्या करते हुए कहा कि इसका वास्तविक संदेश प्रेम, दया और अपनापन है। लोग समाज में जितनी एकजुटता बढ़ाएंगे, सपा उतनी ही मजबूत होगी और भविष्य में एक ऐतिहासिक सरकार का गठन करेगी।

सुरक्षा और व्यवस्था के मुद्दों पर बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि उन्हें अभी तक कोई बुलेट प्रूफ जैकेट नहीं मिली है और न ही इसकी आवश्यकता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन्हें इसकी ज़्यादा ज़रूरत है, उनसे जाकर पूछा जाना चाहिए। प्रदेश के माहौल पर उन्होंने टिप्पणी की कि आज के समय में सच बोलना जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने वादा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्राथमिक विद्यालयों की स्थिति में सुधार किया जाएगा।

दिव्यांगों के लिए घोषणापत्र और अर्थव्यवस्था पर सवाल

अखिलेश यादव ने आगामी सामाजिक कल्याण योजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि सपा सरकार में दिव्यांगों के सम्मान के लिए एक अलग घोषणापत्र (मैनिफेस्टो) तैयार किया जाएगा और उन्हें बैटरी चलित (इलेक्ट्रिक) व्हीलचेयर प्रदान की जाएगी। प्रदेश की आर्थिक नीतियों और महंगाई पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने और चीनी महंगी होने से आम जनता पर बोझ बढ़ रहा है। सरकार 15 करोड़ लोगों को गरीब मानकर आयुष्मान कार्ड तो दे रही है, लेकिन उनकी प्रति व्यक्ति आय स्पष्ट नहीं कर रही है।

चुनावी तैयारी और सहयोगियों को उचित सम्मान की मांग

आगामी चुनावों की तैयारियों का ज़िक्र करते हुए अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि सपा और उसके सहयोगी दल प्रदेश की सभी 403 सीटों पर पूरी मजबूती से उतर रहे हैं। सहयोगियों के सम्मान की बात करते हुए उन्होंने बीजेपी पर तंज कसा कि सपा किसी का साथ नहीं छोड़ती। उन्होंने मांग की कि बीजेपी को भी अपने सहयोगी दलों को पर्याप्त सीटें देनी चाहिए, वरना यह चौधरी चरण सिंह और अजीत सिंह जैसे नेताओं का अपमान माना जाएगा।

Also Read: अखिलेश यादव के तंज पर केशव प्रसाद का पलटवार, बोले- जयंत चौधरी से तुरंत माफी मांगें सपा बहादुर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.