अखिलेश यादव के तंज पर केशव प्रसाद का पलटवार, बोले- जयंत चौधरी से तुरंत माफी मांगें सपा बहादुर

Lucknow News: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पर कसे गए तंज के बाद उत्तर प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया है। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती के बाद अब प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश यादव के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उनसे जयंत चौधरी से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की मांग की है।

नेताजी की कमाई, सपा बहादुर ने गंवाई

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा, “नेताजी की कमाई, सपा बहादुर ने गंवाई। यह सोलह आने सच है। लेकिन इस छटपटाहट ने सपा बहादुर अखिलेश यादव का मनोबल ऐसा तोड़ा है कि अपनी जुबान से अगड़ा, पिछड़ा और दलितों में किसी पर भी अपनी लाठी चला देते हैं।”

केशव मौर्य ने आगे कहा कि केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पर घटिया टिप्पणी करके अखिलेश ने अपनी इसी बौखलाहट को जगजाहिर किया है। उन्होंने याद दिलाया कि भारत रत्न चौधरी चरण सिंह का सैफई परिवार पर इतना बड़ा कर्ज है कि अखिलेश यादव उसे कभी चुका नहीं सकते, इसलिए उन्हें तुरंत जयंत चौधरी से माफी मांगनी चाहिए।

2027 में जनता सपा को सैफई भेज देगी

डिप्टी सीएम ने सपा की घेराबंदी जारी रखते हुए कहा कि अखिलेश की छटपटाहट इस बात को लेकर भी है कि अगड़ा, पिछड़ा और दलित वर्ग की त्रिवेणी आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता जातिवाद और मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति में डूबी समाजवादी पार्टी का बोरिया-बिस्तर समेटकर 2027 के विधानसभा चुनाव में उसे वापस सैफई भेजने का काम करेगी।

चवन्नी वाले तंज पर जयंत चौधरी का पलटवार

उल्लेखनीय है कि हाल ही में अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी का नाम लिए बिना उन पर हमला बोलते हुए कहा था, “कहां-कहां से आ गए थे, चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी…।” इस टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जयंत चौधरी ने भी एक्स पर बिना नाम लिए अखिलेश के अहंकार पर हमला बोला। जयंत ने लिखा, “सियासत की लड़ाई में कुछ सस्ते शब्द बोलने ही थे तो मेरा नाम लेकर बोल देते, कोई बात नहीं थी… जाट समाज को टारगेट करना और यह कहना कि एबीसीडी हमने सिखाई? मैं इस अहंकार को करीब से देख चुका हूं और मानता हूं कि ऐसा आचरण केवल पतन की ओर ले जाता है।”

Also Read: Portugal Cricket: रोनाल्डो के देश ने क्रिकेट में रचा इतिहास, T20 वर्ल्ड कप 2028 की ओर बढ़ाए कदम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.