अखिलेश यादव ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर उठाए सवाल, बोले- बीजेपी ने जनता को लाइन में खड़ा किया

Lucknow News: लखनऊ में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश ने न केवल सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए, बल्कि आगामी चुनाव के लिए वादों का पिटारा भी खोल दिया।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर का वजन कम कर दिया है और लोगों को एक बार फिर गैस के लिए लंबी लाइनों में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा, इस सरकार ने सिर्फ लोगों को लाइन में लगाने का काम किया है, पहले नोटबंदी और अब गैस। लेकिन आगामी चुनाव में यही जनता लाइन में लगकर इन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

प्रोपोगेंडा मंत्रियों वाली सरकार

सरकार के कामकाज पर तंज कसते हुए सपा मुखिया ने कहा कि मौजूदा सरकार में मंत्रियों की फौज तो है, लेकिन हर कोई खुद को प्रधानमंत्री समझने लगा है। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार में काम कम और प्रोपोगेंडा ज्यादा होता है। नए मंत्रियों के चयन पर हो रही देरी पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है यह प्रक्रिया नवरात्र तक खिंच जाएगी।

एमओयू (MoU) पर उठाए गंभीर सवाल

अखिलेश ने योगी सरकार के निवेश दावों पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि जनता को ठगा जा रहा है। उन्होंने एक ‘AI कंपनी’ का उदाहरण देते हुए कहा, जिस कंपनी की हैसियत महज 43 लाख रुपये है, उसके साथ 25 हजार करोड़ रुपये का करार कैसे हो गया? इस सरकार में जितने भी एमओयू हुए हैं, उन सबकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।

बड़े चुनावी वादे और सम्राट अशोक का सम्मान

सम्राट अशोक मौर्य की जयंती पर शुभकामनाएं देते हुए अखिलेश ने वादा किया कि सपा सरकार आने पर लखनऊ में सम्राट अशोक की भव्य प्रतिमा बनवाकर उन्हें सोने के सिंहासन पर विराजमान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कुछ बड़ी घोषणाएं भी कीं।

नारी सम्मान समृद्धि योजना: महिलाओं के खाते में 40 हजार रुपये दिए जाएंगे।

लैपटॉप और पेंशन: युवाओं को फिर से लैपटॉप और पुरानी समाजवादी पेंशन योजना शुरू की जाएगी।

जातीय जनगणना: उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को मजबूत करने और जातीय जनगणना कराने की वकालत की।

Also Read: भूषण कुमार के साथ मिलकर विवेक अग्निहोत्री बनाएंगे ऑपरेशन सिंदूर, पाकिस्तान के झूठ को करेंगे बेनकाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.