भूषण कुमार के साथ मिलकर विवेक अग्निहोत्री बनाएंगे ऑपरेशन सिंदूर, पाकिस्तान के झूठ को करेंगे बेनकाब

Sandesh Wahak Digital Desk: गंभीर और संवेदनशील मुद्दों पर फिल्में बनाने के लिए मशहूर फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री एक बार फिर सुर्खियां बटोर रहे हैं। ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘द वैक्सीन वॉर’ जैसी फिल्मों के बाद, अब उन्होंने टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार के साथ हाथ मिलाया है। दोनों मिलकर भारत की सुरक्षा से जुड़ी एक बेहद अहम और सच्ची कहानी को बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी कर रहे हैं, जिसका नाम है ‘ऑपरेशन सिंदूर’।

लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों की किताब पर आधारित होगी फिल्म

यह फिल्म भारतीय सेना के जांबाज अफसर लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ‘टाइनी’ ढिल्लों की किताब ‘ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान’ से प्रेरित है। विवेक अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर इस प्रोजेक्ट की पुष्टि करते हुए एक लंबा-चौड़ा नोट लिखा और बताया कि यह कहानी कितनी खास है।

विवेक अग्निहोत्री ने अपने नोट में लिखा, भूषण कुमार और मैंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए हाथ मिलाया है। यह वह कहानी है, जिसने पूरे उपमहाद्वीप की सुरक्षा की परिभाषा ही बदल दी और पाकिस्तान के परमाणु झूठ को बेनकाब किया है। निर्देशक ने इस बात पर जोर दिया कि इस फिल्म का मकसद केवल मनोरंजन करना नहीं है, बल्कि उन सच्ची घटनाओं को लोगों के सामने लाना है, जिन्होंने भारत की सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।

गहन रिसर्च और सच्चाई का दावा

फिल्म की कहानी पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद की घटनाओं पर आधारित होगी। विवेक ने बताया कि इसके लिए भारतीय सशस्त्र बलों के कई हिस्सों के साथ मिलकर गहन रिसर्च की गई है। उन्होंने साफ किया कि यह फिल्म शोर मचाने के लिए नहीं, बल्कि तथ्यों, स्पष्टता और सिनेमा के जादू के साथ सच्चाई को सामने लाने के लिए बनाई जा रही है।

टी-सीरीज और आई एम बुद्धा का साथ

‘ऑपरेशन सिंदूर’ का निर्माण भूषण कुमार की टी-सीरीज और विवेक अग्निहोत्री व पल्लवी जोशी के प्रोडक्शन हाउस ‘आई एम बुद्धा’ के बैनर तले होगा। हालांकि, फिल्म की स्टार कास्ट और रिलीज डेट को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इस घोषणा ने सिनेमा प्रेमियों और देशवासियों के बीच उत्सुकता जरूर जगा दी है।

Also Read: जनता की हर समस्या का त्वरित समाधान कराएं अधिकारी: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.