भाजपा 2027 में सत्ता से होगी बाहर, अखिलेश यादव बोले- फर्जी वोट और मतदाता सूची में हेरफेर की रच रही साजिश
Lucknow News: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए चुनावों में धांधली और मतदाता सूची में हेरफेर करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा के कुशासन से त्रस्त हो चुकी है और उत्तर प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का पक्का मन बना चुकी है।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा फर्जी वोट बनवाने और विरोधी दलों के असली वोट कटवाने को ही अपनी राजनीतिक ताकत मानती है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष चुनाव जीतने के लिए अनैतिक हथकंडे अपनाता है और कानून-संविधान को ताक पर रख देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता को भाजपा की ‘वोट चोरी’ और ‘चंदा चोरी’ की नीतियों के प्रति जागरूक करें। अखिलेश ने विश्वास जताया कि जनता अब भाजपा के बहकावे में आने वाली नहीं है और उसके सफाए के लिए चुनाव की तारीखों का इंतजार कर रही है।
शिक्षा व्यवस्था, भ्रष्टाचार और पेपर लीक पर सरकार को घेरा
प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अन्याय चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण में गरीबों और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं, और न्याय मांगने वालों को ही झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है।
शिक्षा के मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में 26 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालय बंद कर दिए गए हैं, जबकि इसके उलट शराब की दुकानें तेजी से बढ़ रही हैं। पेपर लीक के मामले पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड स्तर पर पेपर लीक हुए हैं और सरकार जानबूझकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने अंत में कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग पूरी तरह एकजुट है और 2027 में भाजपा हमेशा के लिए सत्ता से बेदखल हो जाएगी।
Also Read: शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार मॉडल श्रद्धा और ड्राइवर दानिश पर इनाम की राशि हुई दोगुनी

