शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार मॉडल श्रद्धा और ड्राइवर दानिश पर इनाम की राशि हुई दोगुनी

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपियों पर शिकंजा और कस दिया है। पुलिस प्रशासन ने मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा और उसके वाहन चालक दानिश पर घोषित इनामी राशि को 25-25 हजार रुपये से बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दिया है। डीसीपी विक्रांत वीर ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए यह कदम उठाया गया है। इस बीच, आरोपी चालक दानिश द्वारा अदालत में आत्मसमर्पण (सरेंडर) के लिए अर्जी दाखिल करने की बात भी सामने आई है, जिस पर पुलिस विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।

गौरतलब है कि गत 9 अक्तूबर की रात हजरतगंज क्षेत्र के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर अलीगंज (कपूरथला) निवासी कैफे संचालक व चिकन कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी।

इस मामले में मृतक की माँ रंजना शर्मा ने मॉडल श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, चालक दानिश, आदिल समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हजरतगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद से ही सभी नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

रिपोर्ट- राजा शेख

Also Read: शिवा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे ने कोर्ट में दी सरेंडर अर्जी, मां ने सीएम योगी से लगाई न्याय की गुहार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.