2027 चुनाव की तैयारी में सपा का बड़ा अभियान, अखिलेश बोले- बूथ तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता

Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि मंगलवार से पार्टी प्रदेशभर में व्यापक प्रचार अभियान शुरू करेगी। इसका मुख्य लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और पीडीए की सरकार बनाना है।

अखिलेश ने कहा, “हमने तय किया है कि समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर तक ले जाना है और पीडीए की सरकार बनानी है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची से जुड़ी गतिविधियों पर भी नजर रखने को कहा।

भाजपा पर मतदाता सूची और AI वीडियो को लेकर हमला

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी फायदा लेने के लिए मतदाता सूची में गड़बड़ी कराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बाहरी लोगों के नाम भी सूची में जोड़ने का प्रयास हो रहा है।

उन्होंने योगी सरकार पर पुलिस विभाग में PDA समाज के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। उनका दावा है कि इन वर्गों के कर्मचारियों को महत्वपूर्ण फील्ड पोस्टिंग और छुट्टी जैसे मामलों में परेशानी होती है।

सपा प्रमुख ने विपक्ष को बदनाम करने के लिए AI वीडियो इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे “बच्चों के खेल” नहीं खेलने चाहिए।

स्कूल, एक्सप्रेसवे और कुंभ खर्च पर सवाल

अखिलेश ने सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी घेरा। उन्होंने PWD के कामकाज पर सवाल उठाए। साथ ही लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता को लेकर भी जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस पर सपा करीब 26 हजार बंद स्कूलों में कार्यक्रम करेगी। 2027 में सरकार बनने पर इन्हें फिर खोलने का वादा भी किया।

प्रयागराज कुंभ और उसके बाद के विकास कार्यों पर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का दावा करते हुए उन्होंने सरकार से हिसाब मांगा। वहीं जयंत चौधरी पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा अगर उन्हें 61 सीटें देती है, तभी इसे सम्मान माना जाएगा।

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.