भगवानपुर शिवपुर में बिना काम कराए लाखों का भुगतान, जांच टीम को चकमा देकर फरार हुआ सचिव
Balrampur News : बलरामपुर के पचपेड़वा विकासखंड की ग्राम पंचायत भगवानपुर शिवपुर में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के भुगतान को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि नाली, सड़क और ह्यूम पाइप के काम के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन मौके पर काम या तो हुआ ही नहीं या बेहद कम हुआ। मामले की जांच के लिए गठित त्रिस्तरीय टीम ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
नाली, सड़क और ह्यूम पाइप के नाम पर हुआ भुगतान
ग्रामीणों के अनुसार, नाली मरम्मत के नाम पर 5,29,520 रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन मौके पर अपेक्षित काम नहीं मिला। आरोप है कि करीब 20-30 मीटर नाली में मामूली ईंट का काम कराकर पूरी राशि का भुगतान कर दिया गया।
इसी तरह 2 मार्च 2026 को सीसी रोड के नाम पर 1,48,366 रुपये और ह्यूम पाइप के लिए 1,93,750 रुपये का भुगतान किए जाने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने इन भुगतानों की जांच की मांग की थी।
जांच टीम पहुंची तो सचिव रहे गायब
मामले की जांच के लिए खंड विकास अधिकारी मोहित दुबे ने तीन सदस्यीय टीम गठित की थी। इसमें एडीओ को-ऑपरेटिव अनूप श्रीवास्तव, लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता शिवनाथ गुप्ता और सहायक विकास अधिकारी फैज मसूद शामिल हैं।
जांच टीम जब 27 तारीख को गांव पहुंची तो सचिव मौके पर मौजूद नहीं मिले। इसके बाद टीम को वापस लौटना पड़ा। सोमवार को टीम दोबारा जांच के लिए पहुंची, लेकिन सचिव फिर नहीं पहुंचे और जांच से जुड़े अभिलेख भी उपलब्ध नहीं कराए गए।
सहायक विकास अधिकारी फैज मसूद ने बताया कि सचिव की ओर से जांच से संबंधित कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इस संबंध में प्रारंभिक रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। अब मामले में आगे की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के स्तर से होनी है।

