लखनऊ में पुलिस पर हमले के बाद पारा में PAC तैनात, 200 भैंसें जब्त, मेयर बोलीं- खाली होगा इलाका

Lucknow News: लखनऊ के पारा इलाके में नगर निगम की टीम पर हमले के बाद मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। कैटल कैचर टीम के साथ पारा, दुबग्गा और काकोरी थाने की पुलिस और एक कंपनी PAC तैनात की गई। जवान हेलमेट और बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर पहुंचे। इसके बाद तिकोनिया, गायत्री विहार, ज्ञानेंद्र विहार समेत चार मोहल्लों में अभियान चलाकर करीब 200 भैंसें पकड़ी गईं।

नगर निगम की टीम ने कई घरों और डेयरियों के अंदर जाकर पशुओं को बाहर निकाला। भारी पुलिस बल के कारण पहले जैसी स्थिति नहीं बनी। बाद में टीम हैदर कैनाल के पास कुल्हरकट्टा रोड और डिप्टी खेड़ा इलाके में भी पहुंची।

मेयर बोलीं- पुलिस पर हमला बर्दाश्त नहीं

कार्रवाई के दौरान मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौके पर पहुंचे। मेयर ने कहा कि पुलिस और नगर निगम कर्मचारियों पर हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे इलाके को अवैध डेयरियों से खाली कराया जाएगा।

रविवार को कार्रवाई के दौरान टीम पर पथराव हुआ था। एक दरोगा को पकड़कर पीटा गया और उसका सिर फूट गया था। पशु कल्याण अधिकारी अवधेश कुमार की शिकायत पर अबरार, इमरान समेत कई नामजद और 24 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दो महिलाओं खुशबून और आफरीन को भी गिरफ्तार किया गया था।

कांजी हाउस भेजी जा रहीं भैंसें

नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी अभिनव वर्मा के मुताबिक पकड़ी गई भैंसों को ठाकुरगंज कांजी हाउस भेजा जा रहा है। नगर निगम का कहना है कि शहरी सीमा में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों के अनुसार आवासीय इलाकों में पशुपालन से गंदगी और सीवर जाम जैसी समस्याएं बढ़ती हैं।

Also Read: अलीगढ़ में प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, ईंट से कुचला चेहरा, बाइक ने खोला राज 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.