Aligarh News: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई रोडवेज बस, दो की मौत, सात घायल
Aligarh News: दिल्ली-कानपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कन्नौज डिपो की रोडवेज बस बोरिंग पाइप से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस और ट्रैक्टर दोनों के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस और ट्रॉली में सवार सात लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब 1:30 बजे गभाना थाना क्षेत्र के गांव पहावटी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, कन्नौज से दिल्ली जा रही बस जैसे ही गांव के पास पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़ी पाइप लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सीट पर ही फंस गया।

मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू हुआ। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में बस चालक कमल कटेरिया (निवासी शरीफापुर, कन्नौज) और ट्रैक्टर चालक बिजेंद्र (निवासी पांडली, थाना आदमपुर अमरोहा) की मौके पर ही मौत हो गई।घायलों में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार जयसिंह, कवेंद्र और सत्यवीर (सभी निवासी पांडली, अमरोहा) की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा बस में सवार चार अन्य यात्री भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को अलीगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसा बस चालक की लापरवाही का नतीजा लगता है, हालांकि जांच के बाद ही सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। हादसे के चलते हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया था। वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसे पुलिस ने राहत कार्य पूरा होने के बाद धीरे-धीरे सुचारू कराया। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर से हाईवे पर खड़े वाहनों और तेज रफ्तार की समस्या को उजागर कर दिया है।
Also Read: राहुल गांधी वोटर अधिकार यात्रा के दौरान गया में ग्रामीणों की सुनी समस्याएं

