यूपी में ‘स्कूल चोरी’ का आरोप, कागजों में स्कूल चालू और जमीन पर लटके ताले: संजय सिंह
UP News : स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुल्तानपुर के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय राहिलपारा का औचक निरीक्षण किया। स्कूल की बदहाल स्थिति को लेकर उन्होंने सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि प्रदेश में चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी के बाद अब ‘स्कूल चोरी’ हो रही है।
संजय सिंह ने कहा कि सरकारी रिकॉर्ड में विद्यालय संचालित दिखाया जा रहा है, जबकि मौके पर कमरों में ताले लटके मिले। उन्होंने इसे गंभीर अनियमितता बताते हुए सवाल किया कि यदि स्कूल वास्तव में बंद कर दूसरे स्थान पर मर्ज कर दिया गया है तो कागजों पर इसे संचालित क्यों दिखाया जा रहा है।
विद्यालय का रसोईघर कबाड़खाने और नशेड़ियों के अड्डे में तब्दील
उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय का रसोईघर कबाड़खाने और नशेड़ियों के अड्डे में तब्दील हो चुका है। स्कूल में बिजली और पेयजल की व्यवस्था नहीं है तथा हैंडपंप भी खराब पड़ा है। संजय सिंह ने कहा कि जिस स्थान को बच्चों के लिए शिक्षा का मंदिर होना चाहिए, उसकी यह स्थिति प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
संजय सिंह ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्राथमिक विद्यालयों की ऐसी स्थिति होगी और स्कूलों पर ताले लगे होंगे, तो देश के विकास का सपना कैसे पूरा होगा। उन्होंने प्रदेश के उन सभी विद्यालयों की जांच कराने की मांग की जिन्हें कागजों पर चालू दिखाया जा रहा है। इस दौरान स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

