देवरिया में सरकारी आवास पर महिला से छेड़छाड़, बिजली विभाग के SSO समेत कई पर केस दर्ज
Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बिजली विभाग के एक सरकारी आवास से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसे कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाई गई, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं।
महिला का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ हाथापाई भी की गई। किसी तरह वह वहां से निकलकर सड़क पर पहुंची और यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
SSO समेत कई लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
महिला के मुताबिक, वह 3 जुलाई की रात अपनी एक सहेली के साथ पुलिस लाइन के पास स्थित बिजली विभाग के सरकारी आवास पर गई थी। वहां बिजली विभाग के दो अधिकारी और कुछ अन्य लोग मौजूद थे।
वहीं नशा होने के बाद आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। बाद में उसने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी। मामला अपर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार पांडेय के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। महिला की सहेली और कई बिजली कर्मचारियों से पूछताछ भी की गई।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
देवरिया सदर कोतवाली पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर बिजली विभाग के SSO, महिला की सहेली, सहेली के पिता और बिजली विभाग के कुछ अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

