Muzaffarnagar News: दहेज में बुलेट नहीं मिली तो दूल्हे ने उतारे कपड़े, जमकर किया हंगामा, दुल्हन ने लौटा दी बारात

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब दूल्हे पक्ष पर दहेज में बुलेट बाइक मांगने का आरोप लगा। लड़की पक्ष का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हे शिवम ने शराब के नशे में विवाह स्थल पर हंगामा शुरू कर दिया। उसने अपनी शर्ट और पैंट उतार दी और बनियान व अंडरवियर में ही उत्पात मचाने लगा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

दूल्हे के पिता पर फायरिंग का आरोप

जानकारी के अनुसार, डूंगर गांव निवासी मांगेराम का बेटा शिवम सोमवार सुबह करीब 11 बजे बारात लेकर टांडा माजरा पहुंचा था। दुल्हन के पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने शादी की तैयारियों में करीब 7 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन दूल्हे के पिता ने बुलेट बाइक की मांग कर दी। असमर्थता जताने पर परिवार को धमकाया गया।

शिकायत करने पर दूल्हे के पिता पर तमंचे से फायरिंग करने और एक अन्य युवक पर हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

दुल्हन ने शादी से किया इनकार

पुलिस रात करीब 10 बजे दूल्हे को सीएचसी ले गई, जहां उसका मेडिकल कराया गया। सीओ गजेंद्रपाल सिंह ने दूल्हे के नशे में होने की पुष्टि की है, हालांकि उन्होंने फायरिंग की घटना से इनकार किया। उनका कहना है कि दुल्हन पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। घटना से नाराज दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.