Amethi News: मकदूमपुर कला में बनेगा 38.08 करोड़ का पक्का पुल, MLA सुरेश पासी की मेहनत लाई रंग

शासन ने दी प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति, जल्द शुरू होगा दीर्घ सेतु का निर्माण कार्य

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी जनपद के बाजार शुकुल क्षेत्र अंतर्गत मकदूमपुर कला गांव के ग्रामीणों का वर्षों पुराना सपना अब हकीकत बनने जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक सुरेश पासी के अथक प्रयासों के फलस्वरूप गोमती नदी पर नवीन पक्के पुल (दीर्घ सेतु) के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने 38.08 करोड़ रुपये की भारी-भरकम वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस घोषणा के बाद से ही पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

विकास की नई इबारत: मकदूमपुर कला पुल

गोमती नदी पर इस पुल के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। विधायक सुरेश पासी ने इसे अपनी प्राथमिकता में रखते हुए शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी की, जिसके सुखद परिणाम अब सामने आए हैं। 38.08 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक और मजबूत दीर्घ सेतु का निर्माण होगा। पुल बनने से दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को नदी पार करने के लिए लंबी दूरी तय करने की समस्या से मुक्ति मिलेगी। यह पुल न केवल आवागमन को आसान बनाएगा, बल्कि व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा।

क्षेत्रवासियों ने जताया आभार

वित्तीय स्वीकृति की खबर मिलते ही मकदूमपुर कला और आसपास के ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात के दिनों में नदी पार करना जोखिम भरा होता था, लेकिन अब इस समस्या का स्थाई समाधान होने जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने इस उपलब्धि के लिए विधायक सुरेश पासी का आभार व्यक्त किया है।

“जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य”

विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए क्षेत्रीय विधायक सुरेश पासी ने कहा “मकदूमपुर कला में गोमती नदी पर पुल निर्माण का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। शासन से बजट की स्वीकृति मिल चुकी है और बहुत जल्द निर्माण कार्य धरातल पर शुरू करा दिया जाएगा। हमारा लक्ष्य क्षेत्र के हर गांव को मुख्य धारा से जोड़ना और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है।”

रिपोर्ट: राम धीरज यादव

 

Also Read: लखनऊ में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन, मौलाना कल्बे जव्वाद ने सऊदी अरब पर साधा निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.