NSEL घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 19.12 करोड़ की संपत्ति अटैच
Sandesh wahak Digital Desk: प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने नेशनल स्पॉट एक्सचेंज लिमिटेड घोटाले (NSEL Scam) में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 19.12 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति को अटैच कर लिया है। इस मामले की जांच की शुरुआत मुंबई के एम.आर.ए. मार्ग पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के आधार पर हुई थी, जिसकी जांच फिलहाल मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा कर रही है। इस केस में नेशनल स्पॉट एक्सचेंज लिमिटेड, उसके डायरेक्टर्स, बड़े अधिकारियों और 25 डिफॉल्टर्स के खिलाफ मामला दर्ज है।
धान की फर्जी बिक्री के जरिए जुटाए करोड़ों रुपये
जांच में सामने आया है कि NSEL और उसके डिफॉल्टिंग मेंबर्स ने मिलकर बिना असली स्टॉक के ही कमोडिटी ट्रेडिंग करवाई। कागजों पर सौदे दिखाकर करीब 13 हजार निवेशकों से लगभग 5600 करोड़ रुपये की ठगी की गई। इस घोटाले में LOIL ग्रुप की तीन कंपनियां LOIL ओवरसीज फूड्स, LOIL कॉन्टिनेंटल फूड्स और LOIL हेल्थ फूड्स का नाम भी सामने आया है।
जांच के दौरान पता चला कि इन कंपनियों ने NSEL प्लेटफॉर्म के जरिए धान की फर्जी बिक्री दिखाकर करोड़ों रुपये जुटाए। इन पर करीब 720 करोड़ रुपये की देनदारी पाई गई, जिसमें से लगभग 569 करोड़ रुपये को अलग-अलग खातों के माध्यम से इधर-उधर कर दिया गया। ईडी के अनुसार इस रकम को कई कंपनियों के जरिए घुमाकर बैंक लोन चुकाने, बिजनेस संचालन और संपत्ति खरीदने में इस्तेमाल किया गया।
अब तक 3452 करोड़ की संपत्तियां अटैच
इस पूरे मामले में ईडी अब तक 34 बार कार्रवाई करते हुए करीब 3452 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कर चुकी है। इसके अलावा 148 आरोपियों के खिलाफ 7 चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं, जिन पर कोर्ट ने संज्ञान भी ले लिया है। फिलहाल एजेंसी इस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है और आने वाले समय में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी बड़ी कार्रवाई
इसी बीच ईडी की मुंबई यूनिट ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक अन्य मामले में भी बड़ी कार्रवाई की है। 25 मार्च को करीब 41.70 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की गईं, जो मुंबई के गोरेगांव इलाके में स्थित गोरगांव पर्ल सीएचएस प्रोजेक्ट से जुड़ी बताई जा रही हैं। अटैच की गई संपत्तियों में तैयार और अधूरी रिहायशी फ्लैट, कमर्शियल दुकानें और ऑफिस स्पेस शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि इस प्रोजेक्ट का विकास M/s साई सिद्धि डेवलपर्स द्वारा किया जा रहा था।
Also Read: लखनऊ में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन, मौलाना कल्बे जव्वाद ने सऊदी अरब पर साधा निशाना

