वैश्विक तनाव के बीच भारत को राहत, मुंबई की ओर बढ़े LPG से भरे जहाज
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर दुनिया के कई देशों पर देखने को मिल रहा है। इस संघर्ष के कारण तेल और गैस की किल्लत बढ़ी है, जिससे भारत में भी लोग प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि, इस बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है कि LPG से भरे कई जहाज (LPG Ships) सुरक्षित रूप से भारत की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे सप्लाई संकट कम होने की उम्मीद है।
होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुके जहाज
जानकारी के मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुके LPG से भरे दो बड़े जहाज भारत की ओर आ रहे हैं। इन दोनों जहाजों से कुल मिलाकर लगभग 94,000 टन LPG भारत पहुंचेगी, जो देश में गैस आपूर्ति को स्थिर बनाए रखने में मदद करेगी।
इनमें से एक जहाज BW TYR है, जो भारतीय ध्वज के तहत संचालित हो रहा है और करीब 46,500 टन LPG लेकर मुंबई की ओर बढ़ रहा है। यह कार्गो भारत पेट्रोलियम के लिए है और इसके 31 मार्च की शाम तक मुंबई पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
अरब सागर में आगे बढ़ रहा जहाज
फिलहाल BW TYR अरब सागर में है और मुंबई (पूर्व में बॉम्बे) बंदरगाह की ओर बढ़ रहा है। यह जहाज 13.6 नॉट्स की गति से यात्रा कर रहा है और अनुमान है कि मंगलवार रात करीब 11:00 बजे तक यह मुंबई पहुंच जाएगा। BW TYR एक LPG टैंकर है, जिसका निर्माण वर्ष 2008 में हुआ था और यह लगभग 18 साल पुराना है।
सप्लाई संकट कम होने की उम्मीद
इन जहाजों के भारत पहुंचने से LPG की उपलब्धता में सुधार होने की संभावना है। वैश्विक तनाव के बीच यह आपूर्ति भारत के लिए राहत की खबर मानी जा रही है, जिससे घरेलू स्तर पर गैस की किल्लत कम हो सकती है।
Also Read: Bahraich News: उर्दू अदब के रंग में रंगा शहर, गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बना मुशायरा

