SIR विवाद के बीच SSR का ऐलान, बिहार-UP समेत 17 राज्यों की वोटर लिस्ट होगी अपडेट

Voter List SSR 2026: चुनाव आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटर लिस्ट के स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) का ऐलान किया है। इस प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची अपडेट की जाएगी, ताकि पात्र नागरिकों, खासकर युवाओं और पहली बार वोट डालने वालों के नाम शामिल किए जा सकें। साथ ही मृत मतदाताओं और डुप्लिकेट एंट्री की पहचान भी की जाएगी।

यह अभियान 1 जनवरी 2027 की क्वालिफाइंग डेट को ध्यान में रखकर चलाया जाएगा। आयोग ने 15 अक्टूबर 2026 को इसकी घोषणा की।

कब जारी होगी नई वोटर लिस्ट?

चुनाव आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार:

  • 12 नवंबर 2026: मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी होगा।
  • 11 दिसंबर 2026: दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख।
  • 4 जनवरी 2027: अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।

जिन राज्यों में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया चल रही है या हाल ही में पूरी हुई है, वहां अलग समय-सारिणी लागू होगी।

इन 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में होगा SSR

SSR की प्रक्रिया अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, मणिपुर, पुदुचेरी, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में होगी।

इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम जोड़ना और रिकॉर्ड की गलतियां दूर करना है।

सुप्रीम कोर्ट में SIR को चुनौती

SSR का ऐलान ऐसे समय हुआ है, जब SIR प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक विवाद जारी है। सुप्रीम कोर्ट ने इस प्रक्रिया को चुनौती देने वाली याचिका पर चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू व विवेक जोशी को नोटिस जारी किया है।

यह याचिका राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नौ अन्य नेताओं ने दायर की है। विपक्षी नेताओं ने इस मुद्दे पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से मुलाकात का अनुरोध भी किया था, लेकिन उन्होंने कहा कि मामला अदालत में विचाराधीन है और नेता उचित कानूनी रास्ता अपना सकते हैं।

Also Read: अंकिता भंडारी केस में राहुल गांधी की राष्ट्रपति को चिट्ठी, दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रोकने की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.