मुजफ्फरपुर में गरजे अमित शाह, बोले- अगर RJD सत्ता में आई तो यहां 3 नए मंत्रालय खुलेंगे

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव की बढ़ती सरगर्मियों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मुजफ्फरपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और लालू प्रसाद यादव पर तीखा हमला बोला। शाह ने लालू यादव के शासनकाल को जंगलराज बताते हुए मतदाताओं से बिहार को इससे बचाने के लिए NDA के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

अमित शाह ने लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री बनने की संभावना पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर आरजेडी सत्ता में आती है, तो राज्य में तीन नए मंत्रालय खुलेंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, अगर लालू के बेटे सीएम बनते हैं, बिहार में तीन नए मंत्रालय खुलेंगे। एक बनेगा अपहरण को चलाने वाला मंत्री। दूसरा बनेगा रंगदारी का मंत्री। तीसरा अपहरण और खून को बढ़ावा देने वाला मंत्री।

उन्होंने बिहार की जनता को याद दिलाते हुए कहा, हमने जंगलराज से आजादी दिलाई। बिहार को जंगलराज से बचाने के लिए वोट करें। बिहार में जंगलराज को वापस आने नहीं देना है।

न तेजस्वी CM बन सकते हैं, न राहुल PM

अमित शाह ने लालू यादव और कांग्रेस की सोनिया गांधी दोनों पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सत्ता की सीट दोनों के बेटों के लिए खाली नहीं है। शाह ने कहा, लालू जी और सोनिया जी को देश की चिंता नहीं है। लालू जी की इच्छा है उनका बेटा (तेजस्वी) CM बने और सोनिया जी चाहती हैं उनका बेटा (राहुल गांधी) PM बने। लेकिन न तेजस्वी CM बन सकते हैं न राहुल गांधी PM बन सकते हैं, क्योंकि सीट खाली नहीं है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी रैली के माध्यम से यह साफ कर दिया कि भाजपा और एनडीए का मुख्य चुनावी मुद्दा लालू यादव के शासनकाल के ‘जंगलराज’ को फिर से स्थापित होने से रोकना है। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।

Also Read: बिहार चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की दूसरी सूची, सोनिया-राहुल-प्रियंका समेत 40 दिग्गज संभालेंगे कमान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.