Amroha News: अवैध पटाखा फैक्टरी में भयंकर विस्फोट, चार लोगों की मौत, दर्जनों घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के अमरोहा जिले के रहरा थाना क्षेत्र स्थित अतरासी गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शुक्रवार को जंगल में चल रही एक अवैध पटाखा फैक्टरी में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज़ था कि फैक्टरी की इमारत और टीनशेड पूरी तरह से ढह गए। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

धमाके के बाद घटनास्थल पर चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। मलबे के नीचे कई मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पुलिस बल, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए हैं और राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है ताकि दबे लोगों को बाहर निकाला जा सके।

पहले भी हो चुकी है इसी तरह की घटना

गौरतलब है कि 1 मई को भी इसी क्षेत्र के भावली गांव में एक अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट हुआ था, जिसमें एक मासूम बच्चा झुलस गया था। उस वक्त भी प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच का आश्वासन दिया था, लेकिन ऐसा लगता है कि कार्रवाई के बजाय लापरवाही को बढ़ावा मिला।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन अवैध फैक्ट्रियों को जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से संचालित किया जा रहा है। बताया गया है कि गांव भावली में नदी के किनारे बने एक मकान में पिछले कई महीनों से पटाखों के निर्माण और पैकिंग का काम चल रहा था। इसमें स्थानीय ग्रामीणों को दिहाड़ी मजदूरी पर काम दिया जाता था।

1 मई की घटना में एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ फैक्टरी में मजदूरी करने गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां बच्चे ने फुलझड़ी जलाने की कोशिश की, जिससे पटाखों में विस्फोट हो गया। हालांकि लोगों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन यह साफ था कि फैक्टरी में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे।

प्रशासन पर सवाल

लगातार हो रही इन घटनाओं से यह सवाल उठना लाजमी है कि प्रशासन ने पहले की घटनाओं से कोई सबक क्यों नहीं लिया? स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार चेतावनी और हादसों के बावजूद अवैध पटाखा फैक्ट्रियां बेधड़क चल रही हैं और जिंदगियों से खिलवाड़ किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने फैक्टरी मालिक की तलाश शुरू कर दी है। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

Also Read: सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन, 2027 में होगी अगली जनगणना, जानें कब और कैसे शुरू होगी प्रक्रिया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.