जो चढ़ावा नहीं बचा पाए, वो पेपर कैसे बचाएंगे, लोकसभा में अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

Anti Paper Leak Bill 2026: लोकसभा में मॉनसून सत्र के दौरान लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि युवाओं के आंदोलन ने सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया। जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “सरकार झुकती है, सिर्फ झुकाने वाला चाहिए।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक प्रधान को हटाकर प्रधानमंत्री को बचा लिया गया।

राम मंदिर चढ़ावा और NTA को लेकर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, “जो लोग राम मंदिर में चढ़ावा चोरी नहीं रोक पाए, वे पेपर लीक कैसे रोकेंगे?” उन्होंने उत्तर प्रदेश में हुई पेपर लीक की घटनाओं का जिक्र करते हुए परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाए। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में कर्मचारियों की आउटसोर्सिंग का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि कहीं ऐसा न हो कि पूरी सरकार ही आउटसोर्स कर दी जाए।

स्कूल बंद होने और शिक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 26,386 प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए, जिससे गरीब, पिछड़े और दलित वर्ग के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। अखिलेश ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की इमारतों को ध्वस्त करने से जुड़े प्रशासनिक आदेश का भी जिक्र किया और कहा कि यह स्वतंत्रता सेनानी के नाम से जुड़े संस्थान के साथ गलत व्यवहार है। उन्होंने सरकार से छात्रों और युवाओं की मांगों को गंभीरता से सुनने की अपील की।

Also Read: भारत 2027 से अमेरिका से बढ़ाएगा LPG आयात, मिडिल ईस्ट पर निर्भरता घटाने की तैयारी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.