Bareilly News: श्याम सिंह की हत्या के दो आरोपियों को आंवला पुलिस ने किया गिरफ्तार
Bareilly News: जनपद के थाना आंवला क्षेत्र के ग्राम कन्धरपुर में 26 सितंबर को हुई श्याम सिंह की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई इस वारदात में शामिल दो नामजद आरोपियों को आंवला पुलिस टीम ने रेवती मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान 40 वर्षीय गजराम (पुत्र काशीराम) और 38 वर्षीय भूपराम (पुत्र ओमकार) के रूप में हुई है, जिन्हें आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि मृतक के पिता द्वारा शिकायत कराकर उनके कोटे का लाइसेंस रद्द करवा दिया गया था, जिससे दोनों पक्षों में काफी समय से विवाद चला आ रहा था। 25 सितंबर की शाम जब श्याम सिंह नशे की हालत में खेतों की तरफ जा रहा था, तब आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों मोहर सिंह व रुम सिंह के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। मेन्था ऑयल की टंकी के समीप चारों ने मिलकर पहले श्याम सिंह का गला रस्सी से घोटा और फिर दराती से गर्दन पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शव को पास के एक मिर्च के खेत के पास फेंक दिया गया था।
घटना की सूचना मृतक के भाई मुन्नालाल द्वारा दिए जाने के बाद थाना आंवला में धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रभारी निरीक्षक बीनू सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों वांछित अभियुक्तों को सुबह करीब 11:50 बजे दबोच लिया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और आलाकत्ल की बरामदगी के लिए पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: बीजेपी की मदद ज्ञानेश नहीं, गणेश जी कर रहे हैं, विपक्ष के प्रदर्शन पर संबित पात्रा का तीखा प्रहार

