‘ज्ञानेश कुमार डरे हुए हैं’, CEC से मिलने से रोका तो भड़के राहुल गांधी, बोले- ‘कोई बचकर नहीं भाग पाएगा’
Rahul Gandhi: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को दिल्ली में विपक्षी INDIA ब्लॉक के सांसदों ने मार्च निकाला। सांसद संसद के मकर द्वार से निर्वाचन सदन यानी चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने आकाशवाणी भवन और नीति आयोग के पास बैरिकेडिंग लगाकर मार्च को रोक दिया। इसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी समेत विपक्ष के कई नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में विपक्षी सांसद हाथों में पोस्टर और कटआउट लेकर पहुंचे थे। इनमें CEC ज्ञानेश कुमार को RSS की पोशाक में दिखाया गया था।
‘300 सांसदों को यहां क्यों रोका गया है’, राहुल गांधी
राहुल गांधी ने पुलिस द्वारा निर्वाचन सदन जाने से रोके जाने पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
राहुल गांधी ने कहा, “हम चुने हुए जनप्रतिनिधि (सांसद) हैं और अपने ही देश में मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने जा रहे थे। पुलिस ने हमें रोक दिया। हमें समझ नहीं आ रहा कि हम CEC से क्यों नहीं मिल सकते? ज्ञानेश कुमार डरे हुए हैं। अगर चुनाव आयुक्त देश के चुने हुए प्रतिनिधियों से ही नहीं मिल सकते, तो इस लोकतंत्र का क्या मतलब रह गया है?”
उन्होंने आगे कहा, “हम यहां लोकतंत्र को बचाने के लिए खड़े हैं। पीएम मोदी, गृह मंत्री और ज्ञानेश कुमार ने मिलकर इस देश के लोकतंत्र को खत्म कर दिया है। लेकिन याद रखिए, इसमें शामिल एक भी व्यक्ति बचकर नहीं भाग पाएगा। यह देश के साथ गद्दारी है और सभी की जवाबदेही तय होगी।”
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कुछ समय पहले करीब 300 लोकसभा और राज्यसभा सांसद यहां पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सांसद चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके दो सहयोगियों से मिलना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। उनके मुताबिक, “हम भारत की जनता के प्रतिनिधि हैं और देश की आवाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। मुझे समझ नहीं आता कि 300 सांसदों को यहां क्यों रोका गया है और उन्हें यहां बैठाकर चुनाव आयोग जाने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है। मुझे नहीं पता कि समस्या क्या है।”
विपक्ष ने लगाए नारे
धरने के दौरान विपक्षी सांसदों ने “BJP ही CEC है”, “वोट चोर, गद्दी छोड़” और “डेमोक्रेसी नॉट फॉर सेल” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान सांसदों और पुलिस के बीच गतिरोध की स्थिति बनी रही।
INDIA ब्लॉक का यह प्रदर्शन चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष के विरोध अभियान के बीच हुआ। विपक्षी दल CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
Also Read: दिल्ली में INDIA ब्लॉक का ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च, पुलिस ने रोका तो बैरिकेड पर चढ़े राहुल गांधी

