मिर्ज़ापुर में असलहा तस्करी गैंग का भंडाफोड़, सरगना सहित छह गिरफ्तार, पांच पिस्टल बरामद

मीरजापुर। आगामी पंचायत चुनावों और दीपावली त्योहार के दौरान गड़बड़ी फैलाने की नियत से अवैध असलहों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पड़री पुलिस, एसओजी (विशेष अभियान समूह) और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित मध्य प्रदेश से असलहे लाकर जनपद में 20 हजार से 50 हजार रुपये तक की कीमत में बेचते थे।

बरामदगी और गिरफ्तारी

क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर अमर बहादुर ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि पड़री के तीन महुआ गौरा राजा गांव के पास गुरुवार शाम संयुक्त टीम ने छापेमारी की। गिरोह के सरगना सुंदरम उपाध्याय (निवासी तोसवा, पड़री) सहित अंकित पांडेय, अभिषेक पांडेय, आशीष यादव, मिलन यादव और यश पांडेय को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के पास से कुल पांच पिस्टल (32 बोर), दो तमंचा (315 बोर), चार कारतूस और एक बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

ऐसे पकड़े गए तस्कर

सीओ सदर ने बताया कि पड़री थानेदार अजीत सिंह, एसओजी प्रभारी राजीव सिंह और सर्विलांस प्रभारी मानवेंद्र सिंह की टीमें क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। उन्हें सूचना मिली कि अंतरराज्यीय असलहा तस्करों का एक गिरोह तीन महुआ पुल गौरा राजा के पास अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त की बात कर रहा है।

सूचना पर दबिश दी गई और मौके से पांच आरोपित पकड़े गए। मुख्य आरोपित सुंदरम उपाध्याय को कुछ देर पहले पड़री क्षेत्र में ही पुलिस मुठभेड़ के बाद एक पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। सभी आरोपितों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य संपर्कों की जांच कर रही है।

Also Read: आजमगढ़: इंडसइंड बैंक कर्मी पर 23 लाख की ठगी का मामला दर्ज, SIP के नाम पर ग्राहकों को बनाया शिकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.