Aryaveer Sehwag: सहवाग के बेटे आर्यवीर का धमाका, 19 चौके और 8 छक्के जड़कर बनाए 173 रन
Sports News: पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 173 रन की पारी खेली।
चंडीगढ़ के खिलाफ 16 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में दिल्ली अंडर-19 के कप्तान आर्यवीर ने 143 गेंदों का सामना करते हुए 19 चौके और 8 छक्के लगाए। उनकी इस पारी की बदौलत दिल्ली ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट पर 289 रन बनाए।
दिल्ली को अच्छी शुरुआत दिलाने में सलामी बल्लेबाज अर्नव बुग्गा ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 47 रन बनाए और आर्यवीर के साथ पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े।
अर्नव के आउट होने के बाद आर्यवीर ने पारी को संभाले रखा। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज अभिराज सिंह के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की। अभिराज ने 18 रन बनाए।
इसके बाद दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 179 रन होने पर आर्यवीर ने शांतनु यादव के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 89 रन जोड़े। शांतनु 27 रन बनाकर नाबाद रहे। चंडीगढ़ की ओर से रूपेश यादव ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।
पिछले मैच में नहीं चला था बल्ला
आर्यवीर के लिए यह पारी पिछले मुकाबले के बाद खास रही। कर्नाटक के खिलाफ दिल्ली को हार का सामना करना पड़ा था।

कर्नाटक ने 418 रन बनाए थे, जिसके जवाब में दिल्ली की टीम 220 रन पर सिमट गई। उस मैच में आर्यवीर 32 रन ही बना सके थे।
चंडीगढ़ के खिलाफ उन्होंने बड़ी पारी खेलकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया और कप्तान के तौर पर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी दिखाया था दम
आर्यवीर सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज में भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा थे।
उन्होंने तीन पारियों में कुल 109 रन बनाए थे। पहले मुकाबले में 28, दूसरे में 47 और तीसरे मैच में 34 रन की पारी खेली थी।
वीनू मांकड़ ट्रॉफी में दिल्ली की कप्तानी कर रहे आर्यवीर की 173 रन की पारी ने एक बार फिर उन्हें चर्चा में ला दिया है।
अब नजर इस बात पर रहेगी कि वह आगामी मुकाबलों में अपने प्रदर्शन की निरंतरता कैसे बनाए रखते हैं।
Also Read: BCCI Selector: सिर्फ 2 टेस्ट मैच खेले, अब ये गेंदबाज बनेगा टीम इंडिया का सेलेक्टर

