जमानत मिलते ही रोड शो और नारेबाजी पड़ी भारी, पुलिस ने फिर से भेजा जेल

Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी में जमानत पर रिहा हुए एक युवक को रोड शो करना महंगा पड़ गया। शहर की सड़कों पर निकलते ही जाम की स्थिति बन गई और आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने सख्त एक्शन लिया और आरोपी समेत उसके दो साथियों को दोबारा जेल भेज दिया। वहीं, रोड शो में शामिल बाकी लोगों की तलाश जारी है।

क्या है पूरा मामला

वाराणसी निवासी आबिद खान पर लूट और मारपीट जैसे गंभीर आरोपों में केस दर्ज था, जिसके चलते वह जेल में था। शुक्रवार की रात जमानत मिलने के बाद जैसे ही वह जेल से बाहर आया, उसके समर्थकों ने एक जुलूस निकाल दिया। इस दौरान नारेबाजी की गई, गाड़ियों से हुड़दंग मचाया गया और शासन-प्रशासन को खुली चुनौती दी गई। नतीजतन, सड़कों पर जाम लग गया और आम लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतें हुईं।

पुलिस ने फिर की गिरफ्तारी

पुलिस ने वायरल वीडियो और घटनास्थल पर मौजूद सबूतों के आधार पर तुरंत कार्रवाई की। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, आबिद खान और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी लोगों की पहचान की जा रही है। DCP गौरव बंसवाल ने बताया कि कानून का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर में शांति बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है।

कानून को खुली चुनौती

जेल से रिहा होने के बाद आबिद खुद गाड़ी के ऊपर बैठा नजर आया और उसके समर्थकों ने खुलेआम सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन किया। यह पूरी घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनी, बल्कि सोशल मीडिया पर भी बहस का मुद्दा बन गई।

Also Read: Bahraich: कैसरगंज की सबसे बड़ी ईदगाह में अमन के साथ अदा हुई बकरीद की नमाज़

Get real time updates directly on you device, subscribe now.