सिवान में ASI की हत्या, धारदार हथियार से वार कर सुनसान इलाके में फेंका शव
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के सिवान जिले में एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरौंदा थाना क्षेत्र में पदस्थापित एएसआई अनिरुद्ध कुमार की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई और उनके शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।
यह घटना बीती रात की बताई जा रही है। एएसआई अनिरुद्ध कुमार सिविल ड्रेस में कहीं जा रहे थे, तभी अपराधियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एएसआई का शव दरौंदा थाना क्षेत्र के सिरसा नवका टोला में बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और मामले की जाँच में जुट गई है।
थाना प्रभारी ने इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान एएसआई अनिरुद्ध कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह धारदार हथियार से की गई हत्या का मामला है। इस निर्मम हत्या के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है। पुलिस प्रशासन संदिग्ध लोगों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रहा है।
कानून व्यवस्था पर सवाल
यह घटना बिहार में एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। राज्य में पिछले कुछ महीनों में व्यवसायी हत्याओं और पुलिस पर हमलों के कई मामले सामने आए हैं। हाल ही में, सहरसा में भी अवैध शराब तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी थी, जिसमें एक जवान घायल हो गया था। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Also Read: टैरिफ विवाद के बीच एशिया-प्रशांत शिखर सम्मेलन में मिले ट्रंप और शी जिनपिंग

