Asian Games 2026: बिना मैच खेले फाइनल में पहुंच सकती है टीम इंडिया, बारिश ने बदला पूरा खेल
Sports News: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम का अभियान बारिश के कारण अब तक बिना मैच खेले आगे बढ़ा है।
टीम इंडिया गुरुवार, 1 अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में उतरेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे से खेला जाएगा।
हालांकि, अगर बारिश के कारण मैच रद्द हो जाता है तो भारत अपनी बेहतर ICC T20I रैंकिंग के आधार पर सीधे फाइनल में पहुंच जाएगा।
भारत का अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी बारिश के कारण रद्द हो गया था। इसके बाद बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारत को सेमीफाइनल में जगह मिली।
यही नियम श्रीलंका और नेपाल के क्वार्टर फाइनल पर भी लागू हुआ, जिसमें श्रीलंका आगे बढ़ा। इस तरह चारों सेमीफाइनलिस्ट टीमों ने बिना मैच खेले अंतिम-4 में जगह बनाई है।
बारिश ने तैयारी पर डाला असर
नागोया पहुंचने के बाद लगातार बारिश के कारण भारतीय टीम को अभ्यास का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।
टीम के लिए परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण रही हैं, हालांकि, सेमीफाइनल के दौरान मौसम में सुधार की उम्मीद जताई गई है।
भारत इस टूर्नामेंट में गत चैंपियन है और श्रेयस अय्यर की कप्तानी में मैदान पर उतरेगा।

दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और बांग्लादेश आमने-सामने होंगे। अगर यह मुकाबला भी बारिश के कारण रद्द होता है तो बेहतर रैंकिंग वाली पाकिस्तान की टीम फाइनल में पहुंच जाएगी।
फाइनल भी धुला तो क्या होगा?
अगर भारत सेमीफाइनल जीतता है या बारिश के कारण रैंकिंग के आधार पर फाइनल में पहुंचता है और फाइनल भी बारिश की भेंट चढ़ जाता है, तो इस बार बेहतर रैंकिंग के आधार पर किसी एक टीम को गोल्ड नहीं मिलेगा।
एशियन गेम्स आयोजन समिति के मुताबिक, फाइनल रद्द होने पर दोनों फाइनलिस्ट टीमों को संयुक्त रूप से गोल्ड मेडल दिया जाएगा। फाइनल के लिए कोई रिजर्व डे भी नहीं रखा गया है।
यानी भारत के लिए गोल्ड मेडल की राह बारिश से भी जुड़ गई है, लेकिन अभी उसे पहले श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल की चुनौती पार करनी होगी।
Also Read: IND vs WI: आकिब नबी का सपना हुआ पूरा, वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे डेब्यू का मिला मौका

