विजिलेंस के छापे में रिटायर ARTO ललित कुमार के घर से 35 करोड़ रुपये की अकूत संपत्ति बरामद

Lucknow News: उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की लखनऊ टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। परिवहन विभाग के रिटायर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर चली दो दिवसीय मैराथन छापेमारी में लगभग 35 करोड़ रुपये की बेनामी चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ है। सतर्कता अधिष्ठान की इस बड़ी सफलता पर पुलिस महानिदेशक/निदेशक सतर्कता ने लखनऊ सेक्टर की जांच टीम को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पैकेटों में छुपाकर रखा था 1.62 करोड़ रुपये

विजिलेंस विभाग के अनुसार, रिटायर एआरटीओ ललित कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में कानपुर के एंटी करप्शन थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इसी मामले की विवेचना के दौरान कोर्ट से सर्च वारंट हासिल कर 7 और 8 जुलाई 2026 को आरोपी के अलीगंज स्थित मकान (सी-143, सेक्टर-ई, चंद्रलोक कॉलोनी) पर छापेमारी की गई। सघन तलाशी के दौरान घर के अलग-अलग हिस्सों में पैकेट बनाकर छुपाकर रखा गया 1 करोड़ 62 लाख रुपये नगद कैश बरामद हुआ। इसके अलावा घर से भारी मात्रा में कीमती जेवरात, सोने और चांदी की ईंटें व बिस्किट मिले, जिनका वजन कराने पर 13 किलो सोना व हीरा तथा 9 किलो चांदी ठोस मात्रा में पाई गई। सरकारी वैल्यूवर द्वारा इस सोने-चांदी की कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पूर्व ARTO ललित कुमार के घर से 35 करोड़ रुपये की अकूत संपत्ति बरामद

लखनऊ, नोएडा और बाराबंकी में फैले अचल संपत्तियों के साम्राज्य का खुलासा

सर्च ऑपरेशन के दौरान विजिलेंस टीम को आरोपी ललित कुमार द्वारा चल-अचल संपत्तियों में किए गए भारी निवेश के दस्तावेज और रजिस्ट्रियां हाथ लगी हैं। बरामद किए गए प्रपत्रों के अनुसार, ललित कुमार ने लखनऊ के अलीगंज, वृंदावन योजना, इस्माइलगंज, मोहनलालगंज समेत नोएडा और बाराबंकी में कुल 15 कीमती अचल संपत्तियां बना रखी थीं। इनमें आलीशान आवासीय भवन, कई आवासीय भूखंड, नोएडा के नामी प्रोजेक्ट्स में फ्लैटों की बुकिंग और विभिन्न गांवों में फैली कई बीघा कृषि भूमि शामिल है। इन अचल संपत्तियों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 13 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

पूर्व ARTO ललित कुमार के घर से 35 करोड़ रुपये की अकूत संपत्ति बरामद

लग्जरी गाड़ियां, असलहे और बैंकों में भी करोड़ों का निवेश

अकूत जमीन और सोने-चांदी के अलावा आरोपी अधिकारी के पास से एक टोयोटा इनोवा और एक हुंडई आई-20 कार बरामद की गई है। घर से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर भी मिली है। इसके अतिरिक्त विभिन्न बैंकों, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में 1 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। विजिलेंस ने ललित कुमार द्वारा मकान की साज-सज्जा, इंटीरियर और महंगे घरेलू उपकरणों पर खर्च किए गए करोड़ों रुपयों की भी एक अलग इन्वेंट्री तैयार की है। विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, सर्च में मिली सभी अनानुपातिक संपत्तियों को केस डायरी का हिस्सा बनाकर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: ईरान-अमेरिका तनाव फिर चरम पर, ट्रंप ने खत्म की डील, क्या बढ़ेगी तेल-गैस की किल्लत?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.