‘पैसे दो, काम होगा’… रिश्वत मांगते दरोगा का ऑडियो वायरल, लखनऊ कमिश्नर ने किया सस्पेंड

Lucknow News: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रहीमाबाद थाने में तैनात उपनिरीक्षक गुड्डू प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। सोशल मीडिया पर उनका कथित रिश्वत मांगने का ऑडियो-वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर ने तुरंत जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच एसीपी अलीगंज को सौंपी गई है।

जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के रहीमाबाद थाने में दर्ज IPC की धारा 420 और 406 से जुड़े एक मामले की विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक गुड्डू प्रसाद का कथित ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। आरोप है कि उन्होंने आरोपी पक्ष के पैरवीकारों से मामले में राहत देने के नाम पर धनराशि की मांग की थी।

ऑडियो वायरल होने के बाद मामला सीधे पुलिस कमिश्नर के संज्ञान में पहुंचा, जिसके बाद तत्काल प्रारंभिक जांच कराई गई।

SSP अलीगंज को सौंपी गई जांच

लखनऊ के पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर ने मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच एसीपी अलीगंज को सौंप दी है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर विभागीय और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है और किसी भी दोषी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read: लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर में घंटा चुराते रंगेहाथ पकड़ा गया सेवादार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.